घरघोड़ा: मंदिर परिसर में पत्थरबाजी,CCTV तोड़ने की कोशिश

 

मिली जानकारी अनुसार आज 27 नवंबर- बुधवार को घरघोड़ा तहसील के नवागढ़ पंचायत के सरपंच सुखलाल धनवार व मुनेश पांडे( हनुमान मंदिर के पुजारी ) द्वारा घरघोड़ा थाने में लिखित शिकायत आवेदन प्रस्तुत किया गया जिसमे नवागढ़ पंचायत के ही तीन युवक विकास दास महंत, उदय दास महंत व एक अन्य सहयोगी द्वारा 27 नवंबर के रात 8.30 बजे नवागढ़ स्थित चौक में हनुमान मंदिर मे लगे CCTV को पत्थर मार कर तोड़ने की कोशिश की गई..

सीसीटीवी फुटेज ने किया खुलासा

मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे ने इस घटना को पूरी तरह से कैद कर लिया, जिसमें युवक मंदिर परिसर में पत्थर फेंकते नजर आ रहे हैं। फुटेज के आधार पर ग्रामीणों ने पत्थरबाजी करने वालों की पहचान की और उन्हें समझाने के लिए उनके घर पहुंचे।  

आरोपियों की हरकत से ग्रामीण नाराज, सरपंच के साथ गाली गलौज

जब ग्रामीण पत्थर फेंकने वालों के घर पहुंचे, तो आरोपियों ने न सिर्फ गलती मानने से इनकार किया बल्कि सरपंच के साथ गाली-गलौज भी किया। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीण एकजुट होकर सरपंच व पुजारी के माध्यम से घरघोड़ा थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया।  

नामजद रिपोर्ट और पुलिस की कार्रवाई

घटना के बाद पुलिस ने पुजारी की शिकायत पर पत्थरबाजी के आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS ) 2023 की धारा 296,324(2) मे रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और ग्रामीणों के बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।  

ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस ने की शांति की अपील

घटना के बाद से क्षेत्र के लोगों में रोष है। ग्रामीणों ने इस तरह की गतिविधियों को रोकने और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं, पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।  फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने का भरोसा दे रही है।