घरघोड़ा थाने में खड़ी हुई ट्रेक्टर,कार्यवाही जारी
घरघोड़ा क्षेत्र में अवैध रेत खनन पर नकेल कसते हुए माइनिंग विभाग की टीम ने तड़के कुरकुट नदी से रेत चुराकर ला रहे दो ट्रैक्टरों को रंगे हाथ पकड़ लिया। यह कार्यवाही पूरी तरह गोपनीय और अचानक की गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पकड़े गए दोनों ट्रैक्टरों को स्थानीय थाने में जब्त कर रखा गया है और आगे की जांच जारी है। सूत्रों के अनुसार, ट्रैक्टर चालकों से रेत चोरी से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। माइनिंग विभाग की इस तत्परता से यह स्पष्ट संकेत मिलता है कि अब अवैध खनन को लेकर सख़्त रुख अपनाया जा चुका है।
रेत चोरी को लेकर ‘रायगढ़ आवाज’ लगातार खबरें प्रकाशित करता रहा है, जिसका असर अब ज़मीन पर दिखने लगा है। माइनिंग विभाग द्वारा की गई इस छापेमारी को इसी कड़ी में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। विभाग ने बताया कि यह केवल शुरुआत है और आगे भी कई ठिकानों पर कार्रवाई की जाएगी। अचानक हुई इस कार्यवाही से अवैध रेत कारोबारियों में हड़कंप मच गया है और कई रेत माफिया अब भूमिगत हो गए हैं। खबरों के मुताबिक, प्रशासन को कुछ और नामों की जानकारी मिली है जिन पर जल्द शिकंजा कसा जा सकता है।
रेत चोरी से बर्बाद होती नदी,प्रशासन से और सख़्ती की मांग
इस कार्यवाही के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है, क्योंकि अवैध रेत खनन से न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा था, बल्कि ग्रामीण इलाकों की सड़कों को भी भारी क्षति हो रही थी। नाबालिग चालको से दुर्घटना का भय व्याप्त रहता है । ग्रामीणों ने माइनिंग विभाग और प्रशासन से मांग की है कि ऐसी कार्यवाहियां नियमित रूप से की जाएं ताकि रेत माफियाओं के हौसले पस्त हों और इलाके में कानून व्यवस्था बनी रहे। लोगों का कहना है कि ‘रायगढ़ आवाज’ जैसे मंचों की सक्रिय भूमिका से ही ऐसे मामलों में प्रशासन हरकत में आता है। अब सभी की नजरें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।





