घरघोड़ा। क्षेत्र में लगातार बढ़ती खाद की कमी को लेकर ब्लॉक कांग्रेस घरघोड़ा ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जिससे खरीफ फसलों की बोनी और रख-रखाव प्रभावित हो रहा है।कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि प्रशासन तुरंत पर्याप्त मात्रा में खाद की व्यवस्था करे और किसानों को सहूलियत के साथ उपलब्ध कराए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि आने वाले दिनों में स्थिति नहीं सुधरी तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगे।
किसानों का कहना है कि निजी विक्रेताओं की दुकान में महंगे दाम पर खाद बेचा जा रहा है, जबकि सरकारी समितियों में उनकी भारी कमी बनी हुई है। इससे खेती-किसानी पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं।इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।





