दो महीने से लापता बेटे और भाई की तलाश में न्याय की गुहार
रायगढ़। झारखंड के गढ़वा जिले से आई दो महिलाएं रायगढ़ में न्याय की उम्मीद में गांधी प्रतिमा के सामने धरने पर बैठ गई हैं।महिला अपने लापता बेटे और भाई को खोजने की मांग कर रही हैं।महिलाओं का कहना है कि उनका बेटा और भाई बीते दो महीने से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता है। इस संबंध में उन्होंने रायगढ़ सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
निराश होकर महिलाएं रायगढ़ एसपी ऑफिस के सामने गांधी प्रतिमा के पास भूख हड़ताल पर बैठ गई हैं। उन्होंने कहा कि जब तक पुलिस उनके बेटे और भाई का सुराग नहीं लगाती, वे न तो खाना खाएंगी और न ही वहां से हटेंगी।
महिलाओं ने बताया कि वे रायगढ़ कलेक्टर और एसपी से कई बार मिल चुकी हैं, लेकिन हर बार उन्हें सिर्फ आश्वासन मिला। अब पूरा मामला चर्चा का विषय बन गया है कि रायगढ़ पुलिस इस संवेदनशील मामले में क्या कदम उठाती है।





