“रायगढ़ बंद: अग्रवाल और सिंधी समाज सड़कों पर, अमित बघेल की गिरफ्तारी की मांग तेज”

रायगढ़ में मंगलवार को अग्रवाल और सिंधी समाज के लोगों ने जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के अध्यक्ष अमित बघेल के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान समाज के लोगों ने “अमित बघेल मुर्दाबाद” के नारे लगाए और एफआईआर दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

जानकारी के अनुसार, पिछले दिनों अमित बघेल ने महाराजा अग्रसेन और सिंधी समाज के इष्ट देव भगवान झूलेलाल के बारे में अभद्र टिप्पणी की थी। इस टिप्पणी को लेकर दोनों ही समाजों में गहरा आक्रोश है।

एफआईआर दर्ज नहीं होने से भड़का आक्रोश अग्रवाल और सिंधी समाज के पदाधिकारियों ने पहले भी एसपी को ज्ञापन सौंपकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी। हालांकि,अब तक न तो एफआईआर दर्ज की गई है और न ही अमित बघेल की गिरफ्तारी हुई है। इसी के विरोध में मंगलवार को दोनों समाजों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे और श्याम टॉकीज चौक पर एकजुट होकर धरना प्रदर्शन किया।

सिंधी समाज के पदाधिकारी और सदस्य हेमू कल्याणी चौक से रैली निकालकर धरना स्थल पर पहुंचे। वहीं अग्रवाल समाज के प्रतिनिधि भी वहां पहुंचकर प्रदर्शन में शामिल हुए। धरना स्थल पर पहुंचे लोगों ने अमित बघेल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जल्द कार्रवाई की मांग दोहराई।“अगर गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन प्रदेश से राष्ट्रीय स्तर पर “अग्रवाल समाज के प्रतिनिधि राकेश अग्रवाल ने कहा कि, “अमित बघेल ने महाराजा अग्रसेन और भगवान झूलेलाल के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी की है। हम संयम रखकर कम संख्या में बैठे हैं,लेकिन अगर जल्द गिरफ्तारी नहीं होती, तो आंदोलन को प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर तक ले जाया जाएगा।”