बनई क्षेत्र में अवैध गांजा खेती के खिलाफ पुलिस, वन विभाग और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की।मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में चलाए गए इस अभियान में लगभग 10 लाख रुपए मूल्य के गांजा पौधों को जलाकर नष्ट किया गया।यह कार्रवाई राउरकेला के टिकायतपाली थाना क्षेत्र के भालुपानी पंचायत के बरघाट, झांडीसाही, अनानसाही, रांटसाही और उलसुरा गांवों में की गई, जहां लगभग डेढ़ एकड़ जमीन पर अवैध गांजा की खेती की जा रही थी। अधिकारियों के अनुसार यह खेती संगठित रूप से की गई थी और इसके पीछे बाहरी राज्यों के गांजा तस्करों का नेटवर्क सक्रिय था।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि झारखंड के कुछ माफिया स्थानीय ग्रामीणों, विशेषकर आदिवासी परिवारों को प्रलोभन देकर इस अवैध काम में शामिल कर रहे थे। इस वजह से कई निर्दोष ग्रामीण अनजाने में इस गैरकानूनी गतिविधि का हिस्सा बन गए।स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया कि आबकारी विभाग को इतनी बड़ी खेती की जानकारी पहले क्यों नहीं मिली, जबकि पौधे पूरी तरह विकसित हो चुके थे। अधिकारियों ने बताया कि आगे इस मामले की विस्तृत जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



