रायगढ़। जिले में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) अभियान में घरघोड़ा विकासखंड ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। एसडीएम दुर्गा प्रसाद अधिकारी (IAS) के कुशल नेतृत्व और सतत मॉनिटरिंग के कारण घरघोड़ा तहसील जिले में सबसे आगे निकल चुका है।

जानकारी के अनुसार, SIR के तहत घर-घर सर्वे, मृत मतदाताओं के नाम विलोपन, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा फ़ोटो सुधार, पते संशोधन जैसे महत्वपूर्ण कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। एसडीएम द्वारा प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा की जा रही है और टीम को समय-सीमा के भीतर लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए गए हैं।
एसडीएम के मार्गदर्शन में तहसीलदार मनोज कुमार गुप्ता, नायब तहसीलदार सहोदर राम पैंकरा, पटवारी एवं बीएलओ अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता से कर रहे हैं। लगातार फील्ड निरीक्षण, टीमों को मार्गदर्शन, तथा लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के कारण घरघोड़ा तहसील SIR कार्य में ‘पूर्णता’ की ओर तेज़ी से अग्रसर है।

एसडीएम दुर्गा प्रसाद अधिकारी का कहना है कि जिन भी पात्र नागरिकों के नाम अभी सूची में सम्मिलित नहीं हैं, उनसे अपील की जा रही है कि वे निर्धारित प्रपत्रों के साथ बीएलओ अथवा मतदान केंद्रों में पहुंचकर नामांकन करवाएं। इसके साथ ही युवाओं, विशेषकर 18+ आयु के नए मतदाताओं को अभियान में विशेष रूप से जोड़ा जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घरघोड़ा तहसील की प्रगति के मामले मे सबसे बेहतर नतीजे पर है और आगामी दिनों में यहां SIR प्रक्रिया की शत-प्रतिशत पूर्ति होने की संभावना है।अधिकारियों व फील्ड स्टाफ की सक्रियता से मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने की दिशा में यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





