रायगढ़। जिले में HIV संक्रमण के नए मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार अप्रैल और मई 2026 के दौरान 18 नए HIV संक्रमित मरीजों की पहचान की गई है। इनमें दो नाबालिग बच्चे भी शामिल हैं, जो प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक नशे के लिए इस्तेमाल की जाने वाली संक्रमित सुई के संपर्क में आने से संक्रमित हुए हैं।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जिले में पिछले कुछ समय से युवाओं और नाबालिगों के बीच नशीले इंजेक्शनों के उपयोग की प्रवृत्ति बढ़ी है। विशेषज्ञों के अनुसार एक ही सुई का कई लोगों द्वारा उपयोग किए जाने से HIV सहित अन्य गंभीर संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ जाता है।
नए मामलों की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमित व्यक्तियों के संपर्क में आए लोगों की पहचान और जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत संभावित संक्रमितों की समय पर जांच कर संक्रमण की श्रृंखला को रोकने का प्रयास किया जा रहा है। सभी मरीजों को एआरटी केंद्रों से जोड़कर इलाज और नियमित स्वास्थ्य निगरानी उपलब्ध कराई जा रही है।
विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार मार्च 2021 से अब तक रायगढ़ जिले में कुल 746 HIV संक्रमित मरीज चिन्हित किए जा चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग लगातार जांच, परामर्श और उपचार की सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है।
जिला स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि HIV संक्रमण मुख्य रूप से संक्रमित रक्त चढ़ाने, संक्रमित मां से शिशु में, असुरक्षित यौन संबंधों तथा एक ही सुई या नीडल के बार-बार उपयोग से फैल सकता है। उन्होंने लोगों से नशीले इंजेक्शनों से दूरी बनाने, सुई साझा नहीं करने और सुरक्षित व्यवहार अपनाने की अपील की है।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि समय पर जांच और नियमित उपचार से HIV संक्रमित व्यक्ति सामान्य जीवन जी सकता है। विभाग ने लोगों से जागरूक रहने और किसी भी संदेह की स्थिति में स्वास्थ्य केंद्रों में जांच कराने की अपील की है।





