AC कोच के बाथरूम की फॉल्स सीलिंग में छिपा था गांजा, रायगढ़ स्टेशन पर GRP की बड़ी कार्रवाई

 

रायगढ़। रेलवे मार्ग से की जा रही गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रायगढ़ जीआरपी ने हीराकुंड एक्सप्रेस से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। ट्रेन के एसी कोच में छिपाकर रखे गए करीब 10.2 किलोग्राम गांजे को जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

मिली जानकारी के अनुसार जीआरपी को सूचना प्राप्त हुई थी कि ट्रेन क्रमांक 20807 हीराकुंड एक्सप्रेस के एम-1 कोच के माध्यम से मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम रायगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंची और ट्रेन के पहुंचते ही संबंधित कोच की गहन तलाशी ली।

तलाशी के दौरान कोच के बाथरूम की फॉल्स सीलिंग में छिपाकर रखे गए 10 पैकेट बरामद किए गए। पैकेटों की जांच करने पर उनमें गांजा पाया गया। बरामद सामग्री का वजन 10.200 किलोग्राम निकला, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।

कार्रवाई के दौरान यात्रियों और अन्य लोगों से पूछताछ भी की गई, लेकिन गांजा किसने रखा था इसका पता नहीं चल सका। प्रारंभिक जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि गांजा ओडिशा क्षेत्र से लाया गया था और आगे कहीं सप्लाई किया जाना था।

जीआरपी रायगढ़ ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब तस्करी में शामिल लोगों की पहचान करने और पूरे नेटवर्क तक पहुंचने के प्रयास में जुटी हुई है।