तमनार में 12 महिलाओं के साथ बड़ा फर्जीवाड़ा, समूह लोन लेकर 15.85 लाख की ठगी

तमनार के बिजना गांव में 12 महिलाएं एक साथ कर्जदार बन गईं, लेकिन लोन की रकम उनके हाथ तक नहीं पहुंची। आरोप है कि गांव के ही राजनाथ चौहान ने महिलाओं को ग्रुप लोन दिलाने का भरोसा देकर उनके नाम पर बैंक से करीब 15.85 लाख रुपए स्वीकृत कराए और पूरी राशि अपने खाते में ट्रांसफर करा ली। अब महिलाएं न केवल ठगी का शिकार हैं, बल्कि बैंक की किस्त चुकाने की चिंता भी उन्हें सता रही है।

पीड़ित महिलाओं ने शनिवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत की। उनका कहना है कि आरोपी ने उन्हें बताया था कि लोन की राशि से निवेश कराया जाएगा और बदले में फायदा मिलेगा। रकम खाते में आते ही उसने विभिन्न माध्यमों से पैसा अपने नियंत्रण में ले लिया। जब महिलाओं ने पैसे या किस्त की जानकारी मांगी तो वह हर महीने ईएमआई जमा करने का भरोसा देता रहा।

मामला तब खुला जब 1 मई को महिलाएं आरोपी के घर पहुंचीं। वहां ताला लगा मिला और तब पता चला कि वह गांव छोड़ चुका है। इसके बाद महिलाओं ने थाना और एसपी कार्यालय में शिकायत दी।

इन महिलाओं से हुई ठगी:

शिकायत के अनुसार तुनुजा चौहान से 4.10 लाख रुपए, फूलमती चौहान से 4 लाख रुपए, सुनीता चौहान से 2 लाख रुपए, मालती किसान से 1.50 लाख रुपए, ममता चौहान से 1 लाख रुपए, सरिता चौहान और दुरिया चौहान से 70-70 हजार रुपए, लेकरी साहू से 70 हजार रुपए, लक्ष्मी सिदार से 50 हजार रुपए, गौरी मिहिर से 30 हजार रुपए, आरती सिदार से 20 हजार रुपए तथा गुरबारी सिदार से 15 हजार रुपए की राशि निकाली गई।