घरघोड़ा:मालगाड़ी की टक्कर से हाथी घायल, रेलवे ट्रैक पर चला घंटों रेस्क्यू अभियान

जिले के घरघोड़ा वन क्षेत्र में रविवार रात एक हाथी रेलवे ट्रैक पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में आ गया। हादसे में हाथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और उपचार व रेस्क्यू की कार्रवाई शुरू की।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, रात के समय करीब दस हाथियों का दल चारमार क्षेत्र के पास रेलवे लाइन पार कर जंगल की ओर बढ़ रहा था। इसी दौरान एक मालगाड़ी वहां से गुजर रही थी और झुंड का एक हाथी उसकी चपेट में आ गया। टक्कर लगने से हाथी ट्रैक के किनारे गिर पड़ा तथा उसके पिछले हिस्से में गंभीर चोटें आईं।

घटना की जानकारी स्थानीय ग्रामीणों ने वन विभाग को दी। इसके बाद वनकर्मी और पशु चिकित्सकों की टीम मौके पर पहुंची। घायल हाथी को संभालने के प्रयास किए गए और उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार हाथी का उपचार जारी है तथा आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

वन विभाग ने आसपास के क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है, ताकि हाथियों के अन्य सदस्यों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा सके और किसी अन्य अप्रिय घटना से बचाव किया जा सके। :::