घरघोड़ा। रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 12 में एक 22 वर्षीय महिला का शव कमरे के भीतर साड़ी के फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 12 निवासी तुलसी यादव (22 वर्ष) 19 जून को रात करीब 10 बजे भोजन करने के बाद अपने कमरे में चली गई थीं। उस समय उनका पति और बच्चा घर के बाहर थे। कुछ देर बाद जब पति कमरे में जाने पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुला, जिसके बाद उसे धक्का देकर खोला गया।
कमरे के अंदर का दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए। महिला साड़ी के फंदे से लटकी हुई मिली। परिजनों ने तत्काल उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना घरघोड़ा पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
मामले के जांच अधिकारी एएसआई डेविड टोप्पो ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर मर्ग कायम कर विवेचना की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।





