चिन्हांकित स्थल छोड़ दूसरी जगह कराई जा रही थी बोर खोदाई, पटवारी व नायब तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर रोका कार्य

घरघोड़ा। रायगढ़ जिले में गर्मी के मौसम के दौरान जिला प्रशासन द्वारा बोर खनन पर प्रतिबंध लगाए जाने के बीच ग्राम पंचायत टेरम में नियमों के उल्लंघन का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंचायत द्वारा बोर खोदाई के लिए अनुमति ली गई थी, लेकिन जिस स्थान के लिए अनुमति प्राप्त की गई थी उसे छोड़कर दूसरी जगह बोर खनन कराया जा रहा था।
ग्रामीणों द्वारा इसकी शिकायत प्रशासन को किए जाने पर पटवारी एवं घरघोड़ा के नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे और जांच की। जांच के दौरान शिकायत सही पाए जाने पर बोर खनन कार्य को तत्काल रुकवाया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बोर मशीन के विरुद्ध जप्ती की कार्रवाई करते हुए आगे की वैधानिक प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है तथा प्रशासन द्वारा पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि अनुमति किसी विशेष स्थान के लिए दी गई थी तो निर्धारित स्थल पर ही कार्य कराया जाना चाहिए था। वहीं प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।





