रायगढ़ जिले के घरघोड़ा में गुरुवार शाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सफेद रंग की कार से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नशे की खेप किसी बड़े तस्कर गिरोह के लिए ले जाई जा रही है। सूचना पर तत्काल घेराबंदी कर कार को रोका गया, जिसमें भारी मात्रा में गाँजा मिला है कार चालक को मौके पर ही हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि खेप की मात्रा इतनी अधिक है कि पुलिस स्वयं भी चौंक गई।
घरघोड़ा पुलिस की सटीक कार्रवाई से तस्करों में मचा हड़कंप
पुलिस टीम ने फिलहाल जब्त सामग्री की गणना शुरू कर दी है और माल की तौल के बाद ही सटीक मात्रा बताई जाएगी। हालांकि अभी तक पुलिस विभाग की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह जिले में हाल के वर्षों की सबसे बड़ी बरामदगी मानी जा रही है। इस कार्रवाई के बाद नशे के नेटवर्क से जुड़े कई नामों के सामने आने की संभावना जताई जा रही है, जिससे आगे और गिरफ्तारियाँ हो सकती हैं।





