मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में रविवार की शाम निजी एम्बुलेंस ड्राइवर और डायल 108 के चालक के बीच बहसबाजी खूनी विवाद में बदल गई। दो निजी एम्बुलेंस चालकों ने डायल-108 के ड्राइवर पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू के वार से उसके कान का एक हिस्सा कट गया। घायल चालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चक्रधर नगर पुलिस के अनुसार पं. दीनदयाल उपाध्याय कॉलोनी निवासी गिरजाशंकर लहरे (32) डायल 108 आपातकालीन सेवा में चालक है। रविवार को छुट्टी होने के कारण वह परिचित अनिल राय और दूसरे निजी एम्बुलेंस चालकों के साथ मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सामने जंगल क्षेत्र में पिकनिक मनाने पहुंचा था।पिकनिक के दौरान निजी एम्बुलेंस चालक सैय्यद ने गिरजा शंकर पर आरोप लगाया कि वह मरीजों को मुफ्त में अस्पताल ले जाता है,जिससे उनका धंधा प्रभावित हो रहा है। गिरजा शंकर से बहस हो गई। इसके बाद सैय्यद और अब्दुल अंसारी ने उससे गाली-गलौज की। विवाद के दौरान अब्दुल और सैय्यद ने चाकू निकाल लिया और गिरजा शंकर की गर्दन पर हमला करने का प्रयास किया। इस दौरान बचने की कोशिश में चाकू उसके कान पर लगा, जिससे कान का हिस्सा कटकर लटक गया और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।





