रायगढ़। घरघोड़ा क्षेत्र में बीती रात हाथियों के झुंड ने जबरदस्त उत्पात मचाया। जानकारी के अनुसार, 19 हाथियों का दल छाल से होते हुए घरघोड़ा वन क्षेत्र में पहुंचा है। हाथियों ने जहां घरघोड़ा विकासखंड के खोखरोआमा स्कूल की बाउंड्री वॉल को तोड़ दिया, वहीं आसपास की फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचाया है।
घरघोड़ा रेंजर ने रायगढ़ आवाज़ को बताया कि “हाथियों के दल की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। गांवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है। वन क्षेत्र में 19 हाथियों के विचरण करने की सूचना मिली है”
ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों के आने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। कई जगह खेतों में फसलें रौंदी गई हैं और किसानों को भारी नुकसान का अंदेशा है। वन विभाग की टीम हाथियों की निगरानी में जुटी है ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।
लोगों से अपील:
वन विभाग ने ग्रामीणों को रात के समय खेतों और जंगल के किनारे जाने से बचने की सलाह दी है।





