तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मचाई तबाही, तीन बाइक सवार घायल

 

ट्रक को टक्कर मारने के बाद दो मोटरसाइकिलों को रौंदा, डिवाइडर से टकराकर रुका ट्रैक्टर

रायगढ़। शहर के नेशनल हाईवे बायपास रोड स्थित महाना फैब्रिकेशन के पास सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सड़क पर कहर बरपा दिया। अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आने से तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक युवक के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि दो अन्य के पैरों में फ्रैक्चर होने की जानकारी मिली है। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे तेज गति से आ रहा एक ट्रैक्टर पहले सड़क पर चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक ट्रैक्टर पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसके बाद अनियंत्रित ट्रैक्टर ने सामने से आ रही एक मोटरसाइकिल और बगल से ओड़िशा रोड की ओर जा रही दूसरी मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्रैक्टर अंततः डिवाइडर से टकराने के बाद जाकर रुका।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना बेहद भयावह थी। हादसे का पूरा घटनाक्रम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गया है। फुटेज में ट्रैक्टर की तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्थिति स्पष्ट दिखाई दे रही है।

दुर्घटना में अमरनाथ साहू के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके कारण उन्हें सात टांके लगाने पड़े। वहीं चंद्रशेखर सिदार और पूरन के पैरों में गंभीर चोटें एवं फ्रैक्चर होने की पुष्टि हुई है। घायलों की उम्र लगभग 22 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चंद्रशेखर सिदार को बेहतर इलाज के लिए एक निजी ऑर्थो अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं अमरनाथ साहू और पूरन को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

दिनदहाड़े हुई इस दुर्घटना ने एक बार फिर शहर में भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रारंभिक जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दुर्घटना का मुख्य कारण ट्रैक्टर चालक की तेज रफ्तार एवं लापरवाही माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।