रायगढ़: ग्रामीण पर भालू ने किया हमला,सतर्क रहने की अपील

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में भालू ने एक ग्रामीण पर हमला कर दिया,जिससे उसके जांघ में गंभीर चोट आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंची और मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया। घटना रायगढ़ रेंज की है।

जानकारी के मुताबिक, नत्थु राठिया (60) सपनई बीट के ग्राम बलभद्रपुर रहते हैं। हर रोज की तरह वह बुधवार दोपहर को अपने खेत में काम कर रहे थे। तभी पास की झाड़ियों से निकलकर भालू ने हमला कर दिया। भालू ने बुजुर्ग के जांघ को काट लिया।बुजुर्ग की चीख पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, उन्हें आते देख भालू भाग निकला। बताया जा रहा है कि भालू के साथ उसके शावक भी थे और इसी वजह से उसने अचानक ग्रामीण पर हमला कर दिया। घटना के बाद फौरन इसकी सूचना वन अमला को दी गई।

बुजुर्ग मेडिकल कॉलेज में भर्ती घटना की जानकारी मिलते ही परिसर रक्षक सपनई मौके पर पहुंचे और तत्काल घायल को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। जहां बुजुर्ग का इलाज जारी है। घायल को आर्थिक सहायता राशि भी दी गई है। साथ ही ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की गई है।