सोमदेव और धनेश्वर ने मांगा आशीर्वाद,वार्ड में जबरदस्त रिस्पॉन्स
घरघोड़ा नगर पंचायत चुनाव में प्रचार जोरों पर है, और सभी दल अपनी पूरी ताकत झोंक रहे हैं। इसी कड़ी में वार्ड 9 में कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों के समर्थन में एक जबरदस्त रैली निकाली। कांग्रेस के वार्ड पार्षद प्रत्याशी धनेश्वर साहू एवं कांग्रेस के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सोमदेव मिश्रा ने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर डोर-टू-डोर जनसंपर्क किया और मतदाताओं से समर्थन की अपील की।
रैली में उमड़ा जनसैलाब, कांग्रेस को मिल रहा समर्थन
रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जोश देखते ही बना। ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ निकली इस रैली ने वार्ड 9 के चुनावी माहौल को गर्मा दिया। कांग्रेस प्रत्याशियों ने मतदाताओं से घर-घर जाकर संवाद किया और अपनी योजनाओं तथा विकास के वादों को जनता के सामने रखा। खासकर, युवा मतदाताओं और महिलाओं का झुकाव कांग्रेस की ओर देखने को मिला।
विकास के मुद्दे पर कांग्रेस की बड़ी घोषणाएं
इस दौरान सोमदेव मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा घरघोड़ा के विकास को प्राथमिकता दी है और अगर जनता उन्हें मौका देती है, तो वे वार्ड 9 समेत पूरे नगर पंचायत को बेहतर सुविधाओं, स्वच्छता, सड़क और जलप्रदाय जैसी बुनियादी जरूरतों से सुसज्जित करेंगे। वहीं, धनेश्वर साहू ने स्थानीय समस्याओं पर फोकस करते हुए कहा कि वे वार्ड की जनता की आवाज बनेंगे और हर समस्या का समाधान सुनिश्चित करेंगे।
जनता में चुनाव को लेकर उत्साह, मुकाबला हुआ रोचक
वार्ड 8-9 में मतदाताओं का रुझान कांग्रेस की ओर देखने को मिल रहा है। चुनावी माहौल पूरी तरह से गरम हो चुका है और भाजपा-कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। जहां भाजपा अपनी संगठित रणनीति और सांसद के समर्थन से मजबूत स्थिति में है, वहीं कांग्रेस ने भी जमीनी स्तर पर पूरी ताकत झोंक दी है। इस रैली और जनसंपर्क अभियान से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में नया जोश भर गया है।
अब देखना यह होगा कि मतदाताओं का अंतिम निर्णय किसके पक्ष में जाता है, लेकिन फिलहाल वार्ड 9 में कांग्रेस की जोरदार सक्रियता ने चुनावी मुकाबले को बेहद रोमांचक बना दिया है।





