“Empowering Pharmacists for Health Care System” थीम के साथ निकाली गई जनजागरूकता रैली
रायगढ़ कॉलेज ऑफ फार्मेसी एवं रायगढ़ कॉलेज ऑफ एजुकेशन फार्मेसी द्वारा शुक्रवार, 25 सितंबर 2026 को विश्व फार्मासिस्ट दिवस के अवसर पर विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य “Empowering Pharmacists for Health Care System” अर्थात स्वास्थ्य सेवा प्रणाली में फार्मासिस्टों को सशक्त बनाने के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के डायरेक्टर श्री शक्ति अग्रवाल जी द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय के शिक्षकगण द्वारा जनजागरूकता रैली निकाली गई। रैली के लिए पुसौर गांव को चुना गया, जिसमें महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक एवं बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रैली पुसौर बस स्टैंड से जगन्नाथ मंदिर तक निकाली गई। विद्यार्थियों ने विभिन्न जागरूकता संदेशों के माध्यम से आमजन को स्वास्थ्य एवं दवाओं के उचित उपयोग के प्रति जागरूक किया।
रैली के पश्चात आदर्श ग्राम्य भारती, पुसौर विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं को स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में फार्मासिस्ट की महत्वपूर्ण भूमिका, कार्य एवं जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य सेवा प्रणाली का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं तथा रोगियों को दवाओं के सही एवं सुरक्षित उपयोग के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. डी. के. प्रधान, डॉ. हरीश गुप्ता, डॉ. ईश्वरी चौधरी, जय कुमार चंद्रा, आकाश गुप्ता, आकांक्षा सा, आभा रानी, कीर्ति राउत, पूजा पात्रा, कृष्णा यादव, खगेश राम, सुपूर्णा पंडा, धीरेन्द्र सांडिल्य, अजय बहेरा, दिनेश यादव, इन्द्रेश मालाकार, तृप्ति गुप्ता सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं स्टाफ की सराहनीय सहभागिता रही।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यार्थियों ने उत्साह, अनुशासन एवं सक्रिय सहभागिता का परिचय दिया। विश्व फार्मासिस्ट दिवस के अवसर पर आयोजित यह जनजागरूकता अभियान स्वास्थ्य सेवा प्रणाली में फार्मासिस्टों की भूमिका को मजबूत करने तथा समाज में फार्मेसी पेशे के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।





